पीथमपुर। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि धार लोकसभा क्षेत्र में चल रही रेल अवसंरचना परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र के औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी, जिसका लाभ आम जनता, किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को समान रूप से प्राप्त होगा।
इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने पीथमपुर में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) रामाश्रय पांडे के साथ लगभग 70 फीट नीचे उतरकर निर्माणाधीन रेलवे टनल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे की पुश-ट्रॉली (धक्का गाड़ी) से टनल के भीतर यात्रा कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। यह टनल आजादी के बाद पश्चिम रेलवे की सबसे बड़ी निर्माणाधीन रेलवे टनलों में से एक मानी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना का प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता और सुरक्षा के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाएं जनता के विश्वास से जुड़ी होती हैं, इसलिए कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और गति बनाए रखना आवश्यक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए सावित्री ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश और विशेष रूप से धार संसदीय क्षेत्र इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश बढ़ेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।


उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यह महत्वाकांक्षी रेल परियोजना समय पर पूरी होगी और क्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी।
निरीक्षण के दौरान धार विधायक नीना विक्रम वर्मा, पश्चिम रेलवे के डीआरएम अश्विनी कुमार, रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं मुख्य अभियंता भी उपस्थित रहे.



